रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। उत्तर प्रदेश की प्रमुख सचिव (वन) वी. हैकाली झिमोमी ने दो दिवसीय दौरे के दौरान पीलीभीत टाइगर रिजर्व की कार्यप्रणाली का गहन निरीक्षण किया। शुक्रवार को लखनऊ लौटने से पहले उन्होंने वन विभाग के कार्यों की समीक्षा की और कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान प्रधान वन संरक्षक (वन्यजीव) अनुराधा बैमूरी भी उनके साथ मौजूद रहीं।
चूका इको टूरिज्म स्पॉट का जायजा
दौरे के दूसरे दिन प्रमुख सचिव ने चूका इको टूरिज्म स्पॉट का निरीक्षण किया। यहां पर्यटन सुविधाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने इको-टूरिज्म को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
छात्राओं को जंगल भ्रमण के लिए किया रवाना
मुस्तफाबाद में उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं को जंगल भ्रमण कार्यक्रम के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने पर जोर
प्रमुख सचिव ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने “बाघ एक्सप्रेस” कार्यक्रम के तहत प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक भी देखा, जिसे महेश पाल द्वारा निर्देशित किया गया। इस नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को मानव-वन्यजीव संघर्ष से बचाव के लिए जागरूक किया जाता है।
अधिकारियों के प्रयासों की सराहना
उन्होंने फील्ड डायरेक्टर पी.पी. सिंह और प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह सहित वन विभाग की टीम द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

