बिलसंडा में शिक्षा का उत्सव, बच्चों को मिलीं मुफ्त किताबें… विधायक ने दिखाई हरी झंडी, ‘स्कूल चलो अभियान’ ने पकड़ी रफ्तार

Share Also

रिंटू वर्मा…

पीलीभीत। बिलसंडा ब्लॉक संसाधन केंद्र पर “स्कूल चलो अभियान” के तहत ब्लॉक स्तरीय विशाल रैली एवं निःशुल्क पुस्तक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक विवेक वर्मा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह मौजूद रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके बाद पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय बिलसंडा के छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया।

अपने संबोधन में बीएसए रोशनी सिंह ने कहा कि विभाग का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न रहे। सरकार द्वारा निशुल्क शिक्षा, पाठ्य पुस्तकें, मिड-डे मील जैसी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें और शिक्षकों को निर्देश दिया कि हर बस्ती और मोहल्ले के बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करें।

नगर पंचायत अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता ने बच्चों को नियमित विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया और नगर क्षेत्र के सभी विद्यालयों में जल्द ही डेस्क-बेंच उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

विधायक विवेक वर्मा ने कहा कि बेसिक शिक्षा सरकार की प्राथमिकता में है। “ऑपरेशन कायाकल्प” के तहत विद्यालयों में सुविधाओं का विस्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के किसी भी विद्यालय में डेस्क-बेंच की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा की अलख हर घर तक पहुंचनी चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में विधायक और नगर अध्यक्ष ने हरी झंडी दिखाकर स्कूल चलो अभियान रैली का शुभारंभ किया।

खंड शिक्षा अधिकारी शिव शंकर मौर्य ने शिक्षा को अनमोल रत्न बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से छात्र-छात्राएं जीवन में हर मुकाम हासिल कर सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन एआरपी सोमपाल राठौर ने किया।

इस अवसर पर थाना अध्यक्ष, उमेश मिश्रा, गजेंद्र प्रताप, सूरज पाल सिंह, मनोज शर्मा, जितेंद्र कुमार, गोपेश शर्मा, शिव प्रकाश मिश्रा, मुन्ना एवं शैलेन्द्र गंगवार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *