रिंटू वर्मा…
पीलीभीत । उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में बेसिक शिक्षा निदेशालय द्वारा नियुक्त शिक्षा मित्रों के मानदेय भुगतान के लिए बड़ी राहत देते हुए 250 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। यह राशि जिला योजना के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जनपदों को आवंटित की जाएगी। इस संबंध में शिक्षा निदेशक (बेसिक) उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है।
संबंधित जिलों को भेजा गया आदेश
जारी आदेश के अनुसार यह पत्र संबंधित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों तथा वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक शिक्षा) को भेजा गया है। धनराशि का वितरण संलग्न जनपदवार सूची के अनुसार किया जाएगा।
मानदेय भुगतान के लिए अलग मद में प्रावधान
शासनादेश के मुताबिक अनुदान संख्या-71 के अंतर्गत लेखा शीर्ष “2202-01-102-23-शिक्षा मित्रों को मानदेय का भुगतान (जिला योजना)” मद में यह राशि स्वीकृत की गई है।
अब हर शिक्षा मित्र को मिलेगा 18 हजार रुपये प्रतिमाह
सरकार द्वारा पूर्व में जारी शासनादेश दिनांक 09 अप्रैल 2026 के अनुसार 1 अप्रैल 2026 से शिक्षा मित्रों का मानदेय बढ़ाकर 18,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। अब इसी दर से भुगतान सुनिश्चित करने के लिए यह बजट जारी किया गया है।
धनराशि खर्च करने के लिए तय की गईं शर्तें
शिक्षा निदेशालय ने जिलों को धनराशि उपयोग के लिए कई निर्देश भी दिए हैं—
- राशि केवल शिक्षा मित्रों के मानदेय भुगतान में ही खर्च होगी।
- धनराशि एकमुश्त नहीं निकाली जाएगी, बल्कि माहवार आवश्यकता के अनुसार राजकोष से आहरित होगी।
- अगली किश्त जारी होने से पहले उपयोगिता प्रमाण पत्र (UC) देना अनिवार्य होगा।
- वित्तीय नियमों का पालन सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।
- किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता पर अधिकारी स्वयं उत्तरदायी होंगे।
प्रदेश के लाखों शिक्षा मित्रों को राहत
सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के हजारों शिक्षा मित्रों को समय पर मानदेय मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। लंबे समय से नियमित और समयबद्ध भुगतान की मांग उठाई जा रही थी। अब बजट जारी होने से भुगतान प्रक्रिया तेज होने की संभावना है।

