पीलीभीत।जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना माधोटांडा पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड (आला कत्ल) तथा मृतक की पीली धातु की चैन मय लॉकेट भी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में बुधवार को माधोटांडा पुलिस टीम ने चित्तरपुल से पूरनपुर जाने वाली सड़क से अभियुक्त सतेन्द्र (30) पुत्र जसवन्त सिंह तथा उसकी पत्नी शुभप्रीत कौर उर्फ गुरजीत कौर (27) निवासी ग्राम बसन्तपुर नौनेर को गिरफ्तार किया।
गुमशुदगी से हत्या तक की कहानी
घटना की शुरुआत 22 अप्रैल 2026 को हुई, जब ग्राम बसन्तपुर नौनेर निवासी गुरबाज सिंह घर से पूरनपुर जाने की बात कहकर मोटरसाइकिल से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश के बाद 26 अप्रैल को उसकी गुमशुदगी थाना माधोटांडा में दर्ज कराई।
उसी दिन थाना पूरनपुर क्षेत्र के तकिया दीनारपुर मंदिर के पास खेत में बने खंडहर में एक अज्ञात शव बरामद हुआ। पास में खड़ी मोटरसाइकिल के आधार पर शव की पहचान गुरबाज सिंह के रूप में हुई। इसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
पूछताछ में खुला खौफनाक राज
गिरफ्तार अभियुक्ता शुभप्रीत कौर ने पूछताछ में बताया कि उसका मृतक गुरबाज सिंह के साथ पिछले एक वर्ष से अवैध संबंध था। वह इस संबंध को समाप्त करना चाहती थी, लेकिन गुरबाज सिंह अश्लील फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल कर रहा था।
लगातार दबाव और भय के चलते उसने अपने पति सतेन्द्र के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। योजना के तहत 22 अप्रैल को गुरबाज सिंह को तकिया दीनारपुर मंदिर के पास खेत में बने खंडहर में बुलाया गया, जहां दोनों ने लोहे की रॉड से वार कर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को वहीं छोड़ दिया।
न्यायालय में पेशी की तैयारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे बरामद साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
इस घटना के खुलासे से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना भी की जा रही है।

