रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। उत्तरप्रदेश के पीलीभीत जनपद के बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के पतरासा-कुंवरपुर में आयोजित विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास, कानून व्यवस्था और विस्थापित परिवारों के भूमि अधिकारों को लेकर विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में माफियाओं का राज था, दंगे होते थे और कर्फ्यू लगता था, लेकिन आज उत्तर प्रदेश की पहचान बदल चुकी है। आइए सुनते है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश दंगों और अराजकता के लिए जाना जाता था, लेकिन अब प्रदेश विकास और सुशासन की नई पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि “2017 से पहले माफिया का राज था, दंगे होते थे, कर्फ्यू लगता था, लेकिन आज स्थिति बदल चुकी है। अब यूपी में नो दंगा, नो कर्फ्यू, अब यूपी चंगा है।”मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि इन दलों ने वर्षों तक जनता को विकास से दूर रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में तुष्टिकरण और परिवारवाद की राजनीति होती थी, जबकि वर्तमान सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी ने पीलीभीत को दी 569 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
पीलीभीत।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत पतरासा कुंवरपुर में आयोजित विशाल जनसभा में जनपद को 569 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ ही दशकों से विस्थापन का दंश झेल रहे बंगाली हिंदू, सिख, जैन और बौद्ध परिवारों को भूमि के पट्टे तथा भारतीय नागरिकता प्रमाणपत्र वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने पुष्पा देवी पत्नी स्वर्गीय विचित्र पाल सिंह को मृतक आश्रित बीमा योजना के तहत 38 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। सोनी देवी को कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए 24 लाख रुपये की अनुदान राशि दी गई। वहीं कमलेश गंगवार को नंदनी कृषक समृद्धि योजना के तहत 31.25 लाख रुपये का अनुदान चेक सौंपा गया।
इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों को रिवॉल्विंग फंड और सीआईएफ के तहत कुल 10 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। अंशिका देवी को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मीनू को कन्या सुमंगला योजना से लाभान्वित किया गया। प्रीति देवी को प्रधानमंत्री आवास योजना और अरविंद को मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास की चाबी सौंपी गई।

