पीलीभीत। उत्तर प्रदेश शासन ने सोमवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 34 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इनमें पीलीभीत समेत 14 जिलों के जिलाधिकारी भी शामिल हैं। शासन की ओर से जारी तबादला सूची के अनुसार पीलीभीत के जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह को बलिया का नया जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि संतकबीरनगर के वर्तमान जिलाधिकारी आलोक कुमार को पीलीभीत का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
लगातार दूसरे दिन हुए प्रशासनिक फेरबदल से प्रदेश की नौकरशाही में व्यापक बदलाव देखने को मिला है। सोमवार देर रात जारी आदेश में मुरादाबाद, हरदोई, एटा, कुशीनगर, कानपुर नगर, संतकबीरनगर, पीलीभीत, बलिया, अमेठी, बागपत, महोबा, बिजनौर, हाथरस और हमीरपुर के जिलाधिकारियों को बदला गया है।
ज्ञानेंद्र सिंह को बलिया की कमान
पीलीभीत में जिलाधिकारी के पद पर कार्यरत ज्ञानेंद्र सिंह का स्थानांतरण बलिया कर दिया गया है। शासन ने उन्हें बलिया का जिलाधिकारी नियुक्त किया है। ज्ञानेंद्र सिंह के स्थानांतरण के साथ ही पीलीभीत में नए डीएम की तैनाती कर दी गई है।
आलोक कुमार होंगे पीलीभीत के नए डीएम
संतकबीरनगर के जिलाधिकारी आलोक कुमार को अब पीलीभीत का जिलाधिकारी बनाया गया है। वह जल्द ही जिले की प्रशासनिक कमान संभालेंगे। उनके सामने जिले में विकास कार्यों को गति देने के साथ कानून-व्यवस्था, राजस्व, ग्रामीण विकास और शासन की प्राथमिकताओं को प्रभावी ढंग से लागू कराने की जिम्मेदारी होगी।
14 जिलों में बदले गए जिलाधिकारी
तबादला सूची के अनुसार अनुनय झा को हरदोई से मुरादाबाद, राहुल पांडेय को हरदोई, एम. अरुन्मोली को एटा, संजय चौहान को कुशीनगर, महेंद्र तंवर को कानपुर नगर और अनुज मलिक को संतकबीरनगर का डीएम बनाया गया है। इसी क्रम में शशांक चौधरी को अमेठी, दिव्यांशु पटेल को बागपत, प्रभास कुमार को महोबा, उमेश प्रताप सिंह को बिजनौर, सत्य प्रकाश पटेल को हाथरस और अशोक कुमार को हमीरपुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
इस प्रशासनिक फेरबदल में कई अन्य आईएएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। तबादले के बाद अब पीलीभीत में नए जिलाधिकारी आलोक कुमार के कार्यभार संभालने का इंतजार है। हाल ही में डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने जिले में कई विकास एवं प्रशासनिक कार्यक्रमों में भाग लिया था और सोमवार को ही ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया था।

