पीलीभीत। जनपद में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान चुनाव आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी मतदाता यदि एक से अधिक गणना प्रपत्र भरकर जमा करता है, तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दोषी पाए जाने पर एक वर्ष तक की सजा का प्रावधान है।
बीएलओ घर-घर बांट रहे प्रपत्र
बीएलओ इन दिनों घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं। कई मामलों में पाया गया है कि जिन व्यक्तियों के नाम अलग-अलग स्थानों पर दर्ज हैं, उन्हें एक से अधिक प्रपत्र मिल रहे हैं। ऐसे में प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि व्यक्ति केवल एक ही गणना प्रपत्र भरकर जमा करें।
गलत जानकारी देने पर सजा का खतरा
उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम वित्त प्रसून द्विवेदी ने कहा कि कोई भी व्यक्ति यदि एक से अधिक गणना प्रपत्र भरकर जमा करता है, तो यह नियमों का उल्लंघन माना जाएगा। ऐसी स्थिति में उसके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें एक वर्ष की जेल भी शामिल हो सकती है।
लोगों से अपील
अधिकारियों ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की कानूनी जटिलता से बचने के लिए केवल एक ही गणना प्रपत्र भरें और सटीक जानकारी प्रदान करें। इससे उन्हें भविष्य में किसी भी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।

