पीलीभीत। थाना पूरनपुर क्षेत्र के शेरपुर से हरिपुर जाने वाले मार्ग पर सोमवार की सुबह पुलिस और शातिर गौकश के बीच मुठभेड़ हो गई। आत्मरक्षार्थ की गई पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर लगी थी चेकिंग
गस्त के दौरान पूरनपुर पुलिस को मुखबिर खास से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से गौकशी की नियत से जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने कुण्डा पुलिया के पास कच्चे मार्ग पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया।संदिग्ध ने स्वयं को घिरता देख पुलिया से पहले ही बाइक कच्चे रास्ते पर उतार ली और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी फायरिंग में हिस्ट्रीशीटर बिलाल कुरैशी घायल
पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त बिलाल कुरैशी पुत्र छोटे कुरैशी, निवासी मोहल्ला कुरैशियान, ग्राम शेरपुर कला थाना पूरनपुर के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। घायल को पुलिस ने तत्काल सीएचसी पूरनपुर भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।
गौकशी का शातिर अपराधी, कई मुकदमों में वांछित
पुलिस के अनुसार बिलाल कुरैशी पर पहले से ही गौकशी और गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वह क्षेत्र का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और लगातार अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहता है।
अभियुक्त बिलाल कुरैशी का आपराधिक इतिहास
1. मु.अ.सं. 09/17 — धारा 3/5/8 सीएस एक्ट, 11 पशु क्रूरता अधिनियम, थाना पूरनपुर
2. मु.अ.सं. 551/19 — धारा 3/8 सीएस एक्ट, थाना पूरनपुर
3. मु.अ.सं. 573/20 — धारा 3/5ए/8 सीएस एक्ट, 11 पशु क्रूरता अधिनियम
4. मु.अ.सं. 690/17 — धारा 3/5/8 सीएस एक्ट
5. मु.अ.सं. 684/22 — धारा 3/5/5ए/8 सीएस एक्ट
6. मु.अ.सं. 827/2022 — धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट
7. मु.अ.सं. 50/2023 — धारा 3/5/8 सीएस एक्ट
8. मु.अ.सं. 270/23 — धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट
पलिस के अनुसार मौके से बाइक और अन्य सामग्री बरामद की गई है। घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

