पीलीभीत। शहर के देश नगर स्थित शिवनगर कॉलोनी में गांधी स्टेडियम के पीछे सोमवार सुबह अचानक गोली चलने की आवाज से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुँची तो एक अज्ञात व्यक्ति खून से लथपथ जमीन पर पड़ा मिला। मृतक की जेब से तीन जिंदा कारतूस और कुछ नगदी बरामद हुई, जबकि पास में एक तमंचा भी पाया गया।
मौके पर पहुँचे अधिकारी, फॉरेंसिक टीम कर रही जांच
घटना की जानकारी होते ही सदर सीओ दीपक चतुर्वेदी, सदर कोतवाल सत्येंद्र कुमार सहित फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुँची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रथम दृष्टया पुलिस इस मामले को आत्महत्या मान रही है। अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल के परिस्थिति-साक्ष्य इसी ओर इशारा कर रहे हैं।
मृतक की पहचान नहीं, मजदूरों व स्थानीय लोगों से पूछताछ
पुलिस के अनुसार मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। आसपास के मजदूरों और स्थानीय निवासियों से पूछताछ की जा रही है ताकि मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सके। खबर लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
आम के बाग में मिली लाश, नल के पास घटी घटना
जिस स्थान पर मृतक का शव मिला है, वह क्षेत्र एक आम का बाग है। पास ही सरकारी नल लगा हुआ है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर रही है तथा मामले की गहन जांच जारी है।

