(रिंटू वर्मा)
पीलीभीत। थाना जहानाबाद पुलिस ने ग्राम परेवा के निकट अमरिया नहर से मुड़सेना जाने वाले कच्चे रास्ते पर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान एक कुख्यात गौकश को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। घटना उस समय हुई जब मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति मुड़सेना की ओर से आए और पुलिस टीम को देखकर पीछे मुड़कर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने टॉर्च दिखाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया, तभी हड़बड़ाहट में उनकी मोटरसाइकिल गिर गई।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल
मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे संदिग्ध युवक ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गोली लगने के बाद पकड़ लिया। घायल आरोपी की पहचान जावेद कांची पुत्र वली हसन, उम्र लगभग 35 वर्ष, निवासी मोहल्ला लाइनपार साहूकारा थाना पूरनपुर के रूप में हुई है, जिसके बाएँ पैर में घुटने के नीचे गोली लगी है। दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
अभियुक्त का उपचार और वर्तमान स्थिति
घायल जावेद को उपचार के लिए सीएचसी जहानाबाद भेजा गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को सामान्य बताया। पुलिस ने घायल आरोपी की अभिरक्षा बढ़ा दी है।
जावेद कांची का आपराधिक इतिहास लंबा
पुलिस के अनुसार जावेद कांची शातिर गौकश एवं गैंगस्टर अपराधी है। उस पर पूर्व में दर्जनों गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। उसका आपराधिक इतिहास इस प्रकार है—
- मु0अ0स0 1100/2015 — धारा 327/504/506 भादवि, थाना पूरनपुर
- मु0अ0स0 223/2018 — धारा 323/504/506 भादवि, थाना पूरनपुर
- मु0अ0स0 37/2019 — धारा 3/5ए/8 सीएस एक्ट, थाना पूरनपुर
- मु0अ0स0 325/2019 — धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट, थाना पूरनपुर
- मु0अ0स0 529/2020 — धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम व 429 भादवि, थाना पूरनपुर
- मु0अ0स0 78/2025 — धारा 3/5/8 सीएस एक्ट, थाना पूरनपुर
- मु0अ0स0 431/2025 — धारा 109 बीएनएस, थाना बरखेड़ा
- मु0अ0स0 481/2025 — धारा 3/5/8 सीएस एक्ट, थाना जहानाबाद
फरार साथी की तलाश जारी
पुलिस टीम फरार आरोपी की पहचान के प्रयास में लग गई है और क्षेत्र में सघन कॉम्बिंग की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों व्यक्ति गौकशी की गतिविधियों में शामिल थे और इन्हें पकड़ने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।

