पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र में सीआईएसएफ के रिटायर्ड फौजी के घर में चली गोली, एक युवक की हुई मौत, महिला हुई घायल।

Share Also

पीलीभीत। जनपद के पूरनपुर क्षेत्र में एक सनसनीखेज गोलीकांड से इलाके में हड़कंप मच गया। संदिग्ध परिस्थितियों में चली गोली से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।

दरअसल मिली जानकारी के अनुसार पूरनपुर के नारायणपुर क्षेत्र में सीआईएसएफ के सेवानिवृत्त कर्मी पूरन सिंह के घर गोली चलने की घटना सामने आई। इस दौरान 30 वर्षीय सुखदेव सिंह को गोली लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक का शव कमरे के अंदर पड़ा मिला। वहीं, रिटायर्ड कर्मी की पत्नी गुरमीत कौर को भी गोली लगी, जिन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी प्रतीक दहिया और कोतवाल पवन कुमार पांडे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहन जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने मृतक सुखदेव सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कोतवाल पवन कुमार पांडे ने बताया कि गोली लगने से एक युवक की मौत हुई है और एक महिला घायल हुई है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, जांच पूरी होने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *