(रिंटू वर्मा)
पीलीभीत। 49वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल,एसएसबी का 62वां स्थापना दिवस समारोह वाहिनी परिसर में अत्यंत गरिमामय एवं अनुशासित वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट शेर सिंह चौधरी के निर्देशन में किया गया, जहां जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर स्थापना दिवस की परंपरा का निर्वहन किया गया।
इस अवसर पर कमांडेंट ने समस्त बलकर्मियों को महानिदेशक का बधाई संदेश पढ़कर सुनाया और स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में सशस्त्र सीमा बल के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बल की स्थापना वर्ष 1963 में विशेष सेवा ब्यूरो के रूप में हुई थी, जिसे वर्ष 2003 में सशस्त्र सीमा बल का नाम दिया गया।
इस दौरान कमांडेंट ने कहा कि वर्तमान में सशस्त्र सीमा बल भारत-नेपाल और भारत-भूटान सीमा पर सुरक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहा है, साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों में आंतरिक सुरक्षा, चुनाव ड्यूटी तथा कानून एवं व्यवस्था जैसे दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रहा है। 62 वर्षों की इस यात्रा ने यह सिखाया है कि सामूहिक प्रयासों से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। एसएसबी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र की सेवा और सुरक्षा के लिए समर्पित एक परिवार है।
कार्यक्रम के अंत में कमांडेंट ने सभी बलकर्मियों को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई दी। इसके उपरांत जिला अस्पताल पीलीभीत के ब्लड बैंक के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें जवानों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता कर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

