(रिंटू वर्मा)
पीलीभीत। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत एलिम्को कंपनी कानपुर के सहयोग से परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग छात्र-छात्राओं को मंगलवार को सहायक उपकरण वितरित किए गए। बीएसए कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने 202 दिव्यांग बच्चों को उपकरण प्रदान किए। उपकरण पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इन बच्चों को मिले यह उपकरण
कार्यक्रम के दौरान पांच दिव्यांग बच्चों को ट्राईसाइकिल, 27 को व्हीलचेयर, तीन को सीपी चेयर, 18 को बैसाखी, 11 को रोलेटर, पांच को ब्रेल किट, एक को ब्रेल केन, 33 को टीएलएम किट, चार को सुगम केन, 21 को हियरिंग एड तथा पांच बच्चों को कैलीपर उपकरण वितरित किए गए।
सीडीओ का सम्बोधन
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास ने दिव्यांग बच्चों व उनके परिजनों को संबोधित करते हुए कहा कि दिव्यांगता कोई अभिशाप नहीं है। यदि इन बच्चों को सही दिशा और प्रशिक्षण मिले तो वे सामान्य बच्चों से भी बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में स्पेशल एजुकेटर्स के माध्यम से दिव्यांग बच्चों के लिए बेहतर शिक्षण व्यवस्था की जा रही है।
बीएसए रोशनी सिंह का वक्तव्य
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने कहा कि दिव्यांग बच्चों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए और शिक्षक इनके शिक्षण पर अधिक फोकस करें। शासन द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए यह एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजना है, जिसके तहत प्रत्येक पात्र बच्चे को लाभान्वित करना शासन की मंशा है। उन्होंने स्पेशल एजुकेटर्स से बच्चों के परिजनों की समय-समय पर काउंसलिंग करने की भी अपील की।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर जिला समन्वयक समेकित शिक्षा राकेश पटेल, खंड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र सुनील कुमार सिंह, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा मनीष श्रीवास्तव, जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार, स्पेशल एजुकेटर अनिल कुमार, रामदास, संजीव मिश्रा, अनुराधा अग्रवाल, पंकज कुमार, नूतन कुमार, सुनील त्रिपाठी, विजय गुप्ता, राजेंद्र कुमार सहित समग्र शिक्षा अभियान के अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।

