(रिंटू वर्मा )
पीलीभीत। गांधी स्टेडियम में गुरुवार को सांसद खेल महोत्सव के समापन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सजीव प्रसारण दिखाया गया। यह प्रसारण प्रेरणा स्थल लखनऊ से सीधा प्रसारित किया गया, जिसे गांधी स्टेडियम में जिले भर से आए शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं खिलाड़ी बड़ी संख्या में देखने पहुंचे।
सजीव प्रसारण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि “खूब खेलो और खूब खिलो।” उन्होंने कहा कि आज भारत के खिलाड़ी देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपने प्रदर्शन से देश का नाम रोशन कर रहे हैं और विभिन्न खेलों में पदक जीतकर भारत का डंका दुनिया में बजा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों को अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए देश के सांसदों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित मंच प्रदान करें। उन्होंने कहा कि खेलों से खिलाड़ियों में स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है।
इस अवसर पर वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, नगर मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव कुमार, जिला युवा कल्याण अधिकारी अमित कुमार, पूर्व राज्य मंत्री हेमराज वर्मा, पूर्व विधायक किशनलाल सहित भारतीय जनता पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सजीव प्रसारण के दौरान जिले भर के सैकड़ों खिलाड़ी, छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

