(रिंटू वर्मा)
पीलीभीत। परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के लिए पंजीकरण में पीलीभीत जनपद ने उत्तर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। शासन के निर्देश पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विद्यार्थियों से संवाद के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत अधिक से अधिक स्कूली बच्चों को जोड़ने के लिए व्यापक पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री से संवाद का मिलेगा अवसर
परीक्षा पर चर्चा अभियान के अंतर्गत पंजीकरण कराने वाले छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों को प्रधानमंत्री से सीधे प्रश्न पूछने का अवसर मिलेगा। एनसीईआरटी द्वारा तैयार प्रश्नावली में से चयनित प्रश्नों को कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा। इसके लिए विद्यालय स्तर पर बच्चों व अभिभावकों को लगातार जागरूक किया जा रहा है।
शिक्षा अधिकारियों को दिए गए स्पष्ट निर्देश
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों एवं प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया है कि अधिकतम संख्या में छात्र-छात्राओं का ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। केंद्र सरकार के निर्देशानुसार कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के पंजीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
प्रथम स्थान का लक्ष्य निर्धारित
प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त होने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सभी अधिकारी एवं शिक्षक निरंतर प्रयास करें, ताकि आगामी दिनों में पीलीभीत जनपद को परीक्षा पर चर्चा पंजीकरण में प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाया जा सके।

