किर्गिस्तान में फंसे पीलीभीत के 12 लोगों में से 9 की सकुशल हुई घर वापसी।

Share Also

(रिंटू वर्मा)

पीलीभीत। किर्गिस्तान में फंसे पीलीभीत जनपद के 12 लोगों में से 9 लोगों की सकुशल भारत वापसी हो गई है। सभी 9 लोग शुक्रवार सुबह बरेली पहुंचे। केंद्रीय राज्य मंत्री एवं पीलीभीत सांसद  जितिन प्रसाद के निर्देश और प्रयासों से यह संभव हो सका। शेष तीन लोगों को भी 30 दिसंबर से पहले भारत लाने का आश्वासन दिया गया है।

किसान नेता देव स्वरूप पटेल, जो केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के दूत के रूप में कार्य कर रहे हैं, शुक्रवार तड़के बरेली पहुंचकर लौटे लोगों से मिले और उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने बताया कि तीनों शेष लोगों के वीजा उपलब्ध करा दिए गए हैं और किर्गिस्तान के अधिकारियों से लगातार संपर्क बना हुआ है।

परिजनों की पीड़ा को दिल्ली तक पहुंचाया गया

पीलीभीत के 12 लोगों के फंसे होने की सूचना मिलने पर किसान नेता देव स्वरूप पटेल ने सभी पीड़ितों के परिजनों से संपर्क किया। परिजनों को यशवंत्री देवी मंदिर, पीलीभीत में बुलाकर उनकी व्यथा को एक प्रार्थना पत्र के माध्यम से सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री  जितिन प्रसाद तक व्हाट्सएप के जरिए पहुंचाया गया।

दिल्ली में हुई अहम बैठक

मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री  जितिन प्रसाद ने 12 दिसंबर को सभी परिजनों को दिल्ली बुलाया। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में पीड़ित परिजनों से वार्ता के दौरान, उनके सामने ही किर्गिस्तान के विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से बातचीत कर सभी 12 लोगों की सुरक्षित घर वापसी के निर्देश दिए गए।

वीजा और टिकट की प्रक्रिया पूरी

किसान नेता पटेल ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने 12 दिसंबर को ही स्पष्ट कर दिया था कि 24 से 30 दिसंबर के बीच सभी लोग भारत लौट आएंगे। इसके बाद 22 दिसंबर को किर्गिस्तान प्रशासन ने सभी के वीजा जारी कर दिए। 24 दिसंबर को 9 लोगों के भारत लौटने के टिकट कराए गए, जो 26 दिसंबर को सुबह मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से दिल्ली व मथुरा होते हुए 27 दिसंबर की सुबह सभी बरेली पहुंच गए।

तीन लोगों की वापसी शेष

पटेल ने बताया कि ग्राम जिरोनिया के मजरा सेमर गोटिया निवासी हरिशंकर, ग्राम भूड़ा पिपरिया निवासी रामासरे और ग्राम बैजू नगर निवासी श्याम चरन—इन तीन लोगों की टिकट अभी नहीं हो सकी है। हालांकि उनके वीजा जारी हो चुके हैं। 26 दिसंबर को केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने एक बार फिर किर्गिस्तान के संबंधित अधिकारियों से वार्ता की, जिसमें 30 दिसंबर तक तीनों को भारत भेजने का आश्वासन दिया गया है।

भाजपा कार्यालय में होगा सम्मान

शेष तीन लोगों की घर वापसी के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यालय, पीलीभीत में सभी लौटे लोगों का सम्मान एवं स्वागत किया जाएगा।

 


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *