रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। भारत के महान शिक्षाविद एवं देश के द्वितीय राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती जिले में शिक्षक दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। वहीं, बाबा गंभीर नाथ प्रेक्षागृह, गोरखपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय समारोह में राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
गोरखपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय समारोह में पीलीभीत के प्राथमिक विद्यालय पिपरिया अगरू की प्रधानाध्यापिका सैयदा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें 25 हजार रुपये की धनराशि का डेमो चेक एवं राज्य शिक्षक पुरस्कार का प्रमाण पत्र प्रदान किया। गोरखपुर कार्यक्रम का गांधी सभागार में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया। जैसे ही स्क्रीन पर जिले की शिक्षिका सैयदा को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किए जाने का दृश्य आया, सभागार में मौजूद शिक्षकों ने तालियां बजाकर खुशी जताई।
प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के बाद गांधी सभागार में जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह तथा ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अनुपम शर्मा ने शिक्षा, खेल, नवाचार, छात्र नामांकन, बालिका शिक्षा एवं स्वच्छता सहित विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों को माल्यार्पण कर प्रमाण पत्र, स्मृति चिन्ह एवं शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
सम्मानित होने वाले शिक्षकों में उच्च प्राथमिक विद्यालय पिपरिया मंडन के सोनिल कुशवाहा, प्राथमिक विद्यालय सैदपुर की प्रधानाध्यापिका प्रीति सिंह, उच्च प्राथमिक विद्यालय गाजीपुर कुंडा की सहायक अध्यापिका मीना गंगवार, पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय गणेशपुर गोटिया की प्रधानाध्यापिका रजनी जौहरी, प्राथमिक विद्यालय टाह पौटा के विभव सक्सेना, प्राथमिक विद्यालय महादेवा के प्रधानाध्यापक खुर्शीद आलम, कंपोजिट स्कूल कैम देवीपुरा की सहायक अध्यापिका नीरजा शुक्ला, वैदिक जूनियर हाई स्कूल जतीपुर के प्रधानाध्यापक दुर्गेश आर्य, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बिलसंडा की वार्डेन प्रभा पांडे, कस्तूरबा विद्यालय मरौरी की वार्डेन नीतू त्रिवेदी, समग्र शिक्षा अभियान के विशेष शिक्षक रामदास, उच्च प्राथमिक विद्यालय दियोरी के खेल अनुदेशक जयप्रकाश बघेल, ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज के डा. आरपी गंगवार एवं रमेश चंद्र, वीरांगना अवंतीबाई बालिका इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अजय चौहान तथा सहायक अध्यापिका साधना गुप्ता शामिल रहीं।
बच्चों में राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करें शिक्षक
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज का निर्माता होता है। शिक्षक बच्चों को ऐसी शिक्षा दें, जिससे उनके अंदर राष्ट्रप्रेम की भावना पैदा हो और वे देश के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए तैयार हों। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिक्षक को संकल्प लेना चाहिए कि विद्यालयों में बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करनी ही है।
डीएम ने विद्यालयों में पौधारोपण करने और विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित न रहें, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

