लापरवाही जल जीवन मिशन की… लेकिन प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई की सिफारिश,

Share Also

रिंटू वर्मा…

पीलीभीत। जनपद के पूरनपुर क्षेत्र स्थित कम्पोजिट स्कूल जमुनिया खास में जल जीवन मिशन के तहत डाली गई पाइपलाइन के लीकेज होने से पूरा स्कूल परिसर जलमग्न हो गया। लगातार पानी भरने के कारण स्कूल में गंदगी फैल गई, जगह-जगह घास उग आई और शैक्षिक वातावरण प्रभावित हो गया।इस दशा की शिकायत मिलने पर पहुँचे खंड शिक्षाधिकारी पूरनपुर ने स्कूल के प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की संतुति कर पत्र लिख दिया।

दरअसल इस पूरे मामले की शिकायत मिलने पर पूरनपुर के खंड शिक्षा अधिकारी विजय वीरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। उनका कहना है कि निरीक्षण के दौरान स्कूल परिसर  में गंदगी पाई गई। इसके आधार पर खंड शिक्षा अधिकारी ने स्कूल के प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र भेज दिया है।

हालांकि, इस पूरे प्रकरण में एक बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है कि जब समस्या की जड़ जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइपलाइन की खराब गुणवत्ता और लीकेज है, तो इसका खामियाजा स्कूल के प्रधानाध्यापक को क्यों भुगतना पड़ रहा है। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि पाइपलाइन लीकेज की शिकायतें केवल जमुनिया खास तक सीमित नहीं हैं, बल्कि क्षेत्र के कई स्थानों से ऐसी समस्याएं सामने आ रही हैं।

ग्रामीणों और शिक्षा से जुड़े लोगों का कहना है कि लगातार पानी भरने के कारण स्कूल परिसर में गंदगी और अव्यवस्था होना स्वाभाविक है। ऐसे में केवल प्रधानाध्यापक को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं माना जा रहा। यह भी सवाल उठ रहा है कि जब स्कूल की स्थिति इतनी खराब थी, तो इसी विद्यालय को पीएम श्री योजना के लिए कैसे संस्तुत किया गया।

बताया जा रहा है कि कम्पोजिट स्कूल जमुनिया खास के प्रधानाध्यापक पहले भी जल जीवन मिशन की जमीनी हकीकत को उजागर कर चुके हैं, जिसके चलते वे अब कार्रवाई की जद में आ गए हैं। इसे लेकर स्थानीय स्तर पर राजनीति होने की भी चर्चा है।

पूरे जिले में जल जीवन मिशन की कार्यप्रणाली और गुणवत्ता को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। कई स्थानों पर पाइपलाइन लीकेज, अधूरे कार्य और खराब रखरखाव की शिकायतें मिलती रही हैं। ऐसे में यह मामला न केवल एक स्कूल तक सीमित है, बल्कि योजना के क्रियान्वयन पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।

अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में निष्पक्ष जांच कर वास्तविक जिम्मेदारों पर कार्रवाई करता है या फिर जिम्मेदारी का बोझ केवल स्कूल प्रशासन पर ही डाला जाता है।

पीलीभीत जनपद मे जल जीवन मिशन योजना क़ी हकीकत अगले अंक मे होंगी प्रकाशित”…..


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *