रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। जनपद में उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई जब एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर द्वारा वाल्मीकि समुदाय पर की गई अभद्र और जातिसूचक टिप्पणी का वीडियो तेजी से वायरल हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल शहर में भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में रखा गया है।
वीडियो वायरल होते ही भड़का आक्रोश
जानकारी के अनुसार, ‘मिस्टर पीलीभीत’ नाम से सोशल मीडिया पेज चलाने वाला वसीम रजा हाल ही में पीलीभीत टाइगर रिजर्व घूमने गया था। इस दौरान उसने एक वीडियो बनाकर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया, जिसमें उसने वाल्मीकि समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।
रविवार सुबह जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, वाल्मीकि समुदाय में भारी आक्रोश फैल गया। सैकड़ों लोग मोहल्ला नखासा स्थित वाल्मीकि मंदिर पर एकत्र हुए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते यह विरोध जुलूस में बदल गया और लोग सड़कों पर उतर आए।
सड़कों पर उतरा जनसैलाब, गैस चौराहे पर जाम
आक्रोशित लोगों ने गैस चौराहे पर पहुंचकर जाम लगा दिया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन इतना उग्र हो गया कि यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक
स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन तुरंत हरकत में आया। एएसपी विक्रम दहिया, सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान थाना सुनगढ़ी के कस्बा इंचार्ज शुभम भारती और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
मामला बढ़ता देख इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने हस्तक्षेप किया और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया। तनाव को कम करने के लिए संबंधित दरोगा को मौके से हटा दिया गया। अधिकारियों द्वारा सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाने के बाद ही प्रदर्शनकारियों ने जाम खोला।
आरोपी गिरफ्तार, मुकदमा दर्ज
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहल्ला नखासा निवासी हिमांशु नंदन की तहरीर पर आरोपी वसीम रजा के खिलाफ थाना सुनगढ़ी में मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत में ले लिया गया।
हालांकि, शाम के समय एक बार फिर कुछ लोग सड़कों पर उतर आए और आरोपी को उनके हवाले करने की मांग करने लगे, लेकिन पुलिस ने संयम बरतते हुए स्थिति को नियंत्रित रखा और गिरफ्तारी की पुष्टि की।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
दो समुदायों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मोहल्ला नखासा और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में पीएसी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पुलिस का बयान
सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

