पीलीभीत।दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव किशनपुर में मंगलवार को तालाब में नहाने गए 55 वर्षीय व्यक्ति की डूबकर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एनडीआरएफ की टीम की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, किशनपुर गांव निवासी जानकी प्रसाद (55) मंगलवार को गांव के पास स्थित तालाब में नहाने के लिए गए थे। तालाब में पानी अधिक भरा होने के कारण वह गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। काफी देर तक घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने दियोरिया कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाल गौतम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने काफी प्रयास के बाद जानकी प्रसाद के शव को तालाब से बाहर निकाला। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे से गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

