रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश, पीलीभीत द्वारा आयोजित तृतीय सोपान जांच शिविर का समापन नगर क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में गाइड्स ने विभिन्न प्रकार के टेंट निर्माण, भोजन व्यवस्था और दैनिक जीवन में उपयोगी वस्तुओं को बनाने का प्रदर्शन किया।
शिविर में कौशल का प्रदर्शन
शिविर के दौरान प्रतिभागियों ने स्काउट-गाइड गतिविधियों के तहत टेंट लगाना, भोजन बनाना और उपयोगी वस्तुओं का निर्माण कर अपनी दक्षता का परिचय दिया। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्रों में आत्मनिर्भरता और अनुशासन का विकास देखने को मिला।
अधिकारियों ने किया निरीक्षण
इस अवसर पर जिला मुख्यायुक्त/सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, बेसिक शिक्षा अधिकारी/उपाध्यक्ष रोशनी सिंह, सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त (बरेली मंडल) नेहा कटियार तथा खंड शिक्षा अधिकारी बिलसंडा ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
विजेता रहे ये प्रतिभागी
शिविर में गुलाब, कमल और टोली ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्थान प्राप्त किया।
वहीं बेस्ट बुक के लिए जाग्रति, बेस्ट गाइड के रूप में कुसुम और सोनम तथा बेस्ट स्काउट के रूप में देव सिंह को चुना गया।
स्काउट-गाइड से होगा सर्वांगीण विकास
समापन अवसर पर मुख्यायुक्त विजय वर्धन तोमर ने अधिक से अधिक छात्रों को स्काउट-गाइड गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इससे शारीरिक और मानसिक विकास होता है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने भी आश्वासन दिया कि बेसिक शिक्षा विभाग के अधिक विद्यालयों में स्काउट-गाइड कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालित किया जाएगा।
संचालन व उपस्थिति
शिविर का संचालन जिला संगठन आयुक्त (गाइड) शालिनी पांडे एवं आईटी कॉर्डिनेटर अभिषेक प्रजापति द्वारा किया गया।
इस दौरान जिला बेसिक स्काउट मास्टर वीर सिंह, गाइड कैप्टन परिणीता सिन्हा, गोपाल, अजय पाल शर्मा, ओम प्रकाश, योगेश मौर्य, रिया रस्तोगी, क्षमा गुप्ता, श्रद्धा सिंह, शिखा, पलक, अनुष्का, मुस्कान, शिवानी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

