पीलीभीत के गांव की बेटी ने रचा इतिहास…योग निद्रा में बनाया विश्व रिकॉर्ड,अनुष्का मिश्रा कर दिखाया कमाल, योग साधना से अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकीं

Share Also

रिंटू वर्मा…

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद के ललौरीखेड़ा ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम कुकरीखेड़ा निवासी जनसंघ नेता देवेंद्र स्वरूप मिश्रा की पौत्री अनुष्का मिश्रा ने योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। अनुष्का, जो रविंद्र मिश्रा की पुत्री हैं, ने योग निद्रा आसन में 35 मिनट का होल्डिंग टाइम पूरा कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

देहरादून में आयोजित विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते हुए अनुष्का ने यूनाइटेड किंगडम की प्रतियोगिता के अंतर्गत शानदार प्रदर्शन किया और लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने उन्हें मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। अनुष्का इससे पूर्व भी कई प्रतियोगिताओं में पुरस्कार जीत चुकी हैं।

अनुष्का ने योग की प्रारंभिक शिक्षा अपने चाचा प्रखर मिश्र से प्राप्त की, जो बेसिक शिक्षा विभाग में पीटीआई के पद पर कार्यरत हैं। प्रखर मिश्र स्वयं वर्ष 2009 में राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप जीत चुके हैं। उन्होंने बेंगलुरु स्थित विवेकानंद योग संस्थान में आयोजित प्रतियोगिता में योग गुरु एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति ए.आर. नागेंद्र के समक्ष प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की थी।

वर्तमान में अनुष्का देहरादून के एक निजी विश्वविद्यालय से योग विषय में परास्नातक की पढ़ाई कर रही हैं। उनके पिता रविंद्र मिश्रा बरेली में प्रॉपर्टी डीलिंग एवं ठेकेदारी का कार्य करते हैं। अनुष्का की प्रारंभिक शिक्षा उनके चाचा सर्वेंद्र मिश्र के पास रहकर हुई।

अनुष्का की इस उपलब्धि पर उनके ताऊ एवं वरिष्ठ अधिवक्ता धीरेंद्र मिश्र सहित परिजनों और क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *