रिंटू वर्मा…
पीलीभीत के जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की देखरेख में फसलों की औसत उपज और उत्पादन के आंकड़ों के संकलन के तहत विकासखंड मरौरी के ग्राम पंचायत चंदोई में गेहूं की फसल कटाई की स्थिति का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा ग्राम चंदोई के कृषक राजा तोमर एवं सुभाष चन्द्र के खेत में 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में 10×10×10 मीटर का समबाहु त्रिभुज बनाकर सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से क्रॉप कटिंग प्रयोग कराया गया। इसके बाद गेहूं की पिटाई कर उसकी तौल कराई गई, जिसमें दो गाठों के माध्यम से क्रॉप कटिंग की गई।
इस प्रयोग में क्रमशः 18.160 किलोग्राम एवं 15.230 किलोग्राम गेहूं की उपज प्राप्त हुई।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान फसल की नपाई, कटाई और सीसीई एग्री ऐप पर ऑनलाइन फीडिंग की प्रक्रिया की जानकारी अपर जिला सांख्यिकी अधिकारी से ली।
उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि सभी किसान अपनी जमीन की फॉर्मर रजिस्ट्री, फसल बीमा और किसान पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें सरकार की सभी योजनाओं का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर क्षेत्रीय कानूनगो तेज बहादुर गंगवार, लेखपाल कृष्ण मुरारी, अपर जिला सांख्यिकी अधिकारी प्रमोद सिंह, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत इफको टोकियो कंपनी के जिला प्रतिनिधि महेन्द्र भारती, तहसील समन्वयक महेन्द्र वर्मा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

