रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। जिलाधिकारी पीलीभीत के निर्देश पर जनपद के सभी क्रय केन्द्रों के निरीक्षण अभियान के तहत बुधवार को सहकारी संघ लिमिटेड शिवनगर एट पूरनपुर मंडी द्वितीय पर कार्रवाई की गई। निरीक्षण में केन्द्र प्रभारी अचल सिंह के लगातार अनुपस्थित पाए जाने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
दरअसल उप जिला सहकारी अधिकारी तहसील कलीनगर चन्द्रिका प्रसाद ने 16 अप्रैल को उक्त क्रय केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पूर्वाह्न 11:50 बजे तक केन्द्र प्रभारी न तो क्रय केन्द्र पर पहुंचे थे और न ही उन्होंने अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराई थी।
निरीक्षण आख्या में यह भी उल्लेख किया गया कि केन्द्र प्रभारी विगत कई दिनों से बिना पूर्व सूचना अथवा समुचित कारण बताए लगातार अनुपस्थित चल रहे थे। उनके केन्द्र से अनुपस्थित रहने के कारण क्षेत्रीय किसानों को समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही उनका मोबाइल फोन भी अधिकांश समय बंद रहने की शिकायत सामने आई।
अपर जिला सहकारी अधिकारी ने केन्द्र प्रभारी के आचरण को कर्मचारी नियमावली के विपरीत मानते हुए निलंबन की संस्तुति की थी। इसके बाद सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता पीलीभीत ने शासन की महत्वपूर्ण न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के प्रति उदासीनता, केन्द्र को क्रियाशील न करने तथा उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना को गंभीरता से लेते हुए अचल सिंह, सहयोगी शिवनगर सहकारी संघ लि. को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता ने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर संबंधित केन्द्र प्रभारी के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

