रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। जनपद में सफाई व्यवस्था को लेकर जिला पंचायत राज विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभिन्न ग्राम पंचायतों के निरीक्षण के दौरान सफाई कर्मचारियों की अनुपस्थिति तथा साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने कार्रवाई करते हुए दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है, जबकि एक कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। विभागीय कार्रवाई से पंचायत कर्मियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
विकास खंड पूरनपुर की ग्राम पंचायत चाट फिरोजपुर में तैनात सफाई कर्मचारी वीना देवी निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाई गईं। साथ ही ग्राम पंचायत में साफ-सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। इस पर जिला पंचायत राज अधिकारी रोहित भारती ने कड़ा रुख अपनाते हुए वीना देवी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
इसी क्रम में विकास खंड पूरनपुर की ग्राम पंचायत ढकिया केसरपुरा में तैनात सफाई कर्मचारी रोहित कुमार के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। बताया गया है कि रोहित कुमार विगत कई महीनों से ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे थे। लगातार गैरहाजिर रहने की शिकायतों के बाद जिला पंचायत राज अधिकारी ने उन्हें भी निलंबित कर दिया।
वहीं विकास खंड मरौरी की ग्राम पंचायत पिपरिया अगररू का निरीक्षण सहायक विकास अधिकारी पंचायत द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान सफाई कर्मचारी आशा कुमारी अनुपस्थित मिलीं तथा ग्राम पंचायत में अत्यधिक गंदगी पाई गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी पीलीभीत द्वारा आशा कुमारी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए जवाब तलब किया गया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था से किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमित निरीक्षण जारी रहेंगे और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

