रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। जनपद में गुमशुदा एवं अपहृत लोगों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ अभियान के तहत पीलीभीत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। माह अप्रैल 2026 के दौरान पुलिस ने कुल 65 गुमशुदा एवं अपहृत व्यक्तियों को सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जनपद के सभी थानों पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों को गुमशुदा एवं अपहृत व्यक्तियों की तलाश में सक्रिय रूप से लगाया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर सघन तलाश, तकनीकी साक्ष्यों का उपयोग और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से सभी 65 व्यक्तियों को सुरक्षित बरामद किया। बरामद किए गए लोगों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है, जिससे परिवारों में खुशी का माहौल है।
पीलीभीत पुलिस द्वारा इस अभियान के तहत आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है, ताकि गुमशुदगी और अपहरण से जुड़े मामलों का त्वरित निस्तारण किया जा सके।

