रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में बालिका खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से शनिवार को गांधी स्टेडियम में हॉकी एसोसिएशन के तत्वावधान में सेविन साइड जिला स्तरीय अंडर-19 बालिका हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
मुख्य अतिथि ने बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिले की इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास और बेहतर मार्गदर्शन से खिलाड़ी ओलंपिक जैसे बड़े मंचों तक पहुंच सकती हैं। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया। पहले मुकाबले में गांधी स्टेडियम टीम ने सिटी मोंटेसरी स्कूल को 7-0 से हराया। दूसरे मैच में सनराइज स्कूल ने कंपोजिट स्कूल चंदौई को 4-1 से शिकस्त दी। तीसरे मुकाबले में स्वर्गीय सुरेश मेमोरियल पब्लिक स्कूल ने सर्वोदय इंटर कॉलेज को 3-1 से पराजित किया, जबकि चौथे मैच में एसपीएस स्कूल ने जूनियर हाई स्कूल दियोरी को 3-1 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
सेमीफाइनल मुकाबले में सनराइज क्लब ने सुरेश मेमोरियल को 2-0 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद खेले गए बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में एसपीएस स्कूल की टीम ने सनराइज क्लब को 2-1 से हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
समापन समारोह में नगर मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि जिले की बेटियां खेलों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।
इस दौरान जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मेराज हुसैन, एआर कोऑपरेटिव डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह और ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अनिल महेंद्रु सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में हॉकी संघ अध्यक्ष प्रदीप कुमार खींची, संयोजक दीपक सरकार, सचिव जयप्रकाश बघेल, जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार, भाजपा जिला मंत्री पंकज तिवारी, सभासद रतना शुक्ला, रीना दीक्षित, सुनीता सिंह और जगदीश सक्सेना का विशेष सहयोग रहा।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में मुशीर अहमद, प्रमोद, सौरभ सिंह, पूजा कन्नौजिया और कीर्ति सोनकर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

