दृष्टिबाधित छात्रा एकता गौतम ने बढ़ाया पीलीभीत का मान, ब्रेल शिक्षा से पास की हाईस्कूल परीक्षा

Share Also

रिंटू वर्मा…

पीलीभीत। बिलसंडा क्षेत्र के हेमपुर गांव की दृष्टिबाधित छात्रा एकता गौतम ने कड़ी मेहनत और मजबूत इरादों के दम पर हाईस्कूल परीक्षा अच्छे अंकों से उत्तीर्ण कर जिले का नाम रोशन किया है। एकता गौतम उत्तराखंड स्थित नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड विद्यालय की छात्रा हैं और उन्होंने ब्रेल पद्धति के माध्यम से शिक्षा प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की है।

दृष्टिबाधित दिव्यांग श्रेणी में आने वाली एकता शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। वर्ष 2014 में उन्होंने समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत संचालित एक्सीलरेटेड लर्निंग कैंप में तीन वर्षों तक शिक्षा ग्रहण की। उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले के आसपास दृष्टिबाधित बच्चों के लिए उपयुक्त विद्यालय न होने के कारण उनके पिता प्रेमचंद ने बेटी का दाखिला हल्द्वानी स्थित नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड स्कूल में कराया।

विद्यालय में बेहतर शैक्षिक माहौल मिलने के बाद एकता की पढ़ाई में रुचि लगातार बढ़ती गई। किसान पिता प्रेमचंद ने आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद बेटी की शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी। बेटी की लगन और प्रतिभा को पहचानते हुए उन्होंने हर संभव सहयोग किया।

एकता गौतम ने अपनी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर कक्षा 10 की परीक्षा शानदार अंकों से उत्तीर्ण कर अपने माता-पिता और जिले का नाम गौरवान्वित किया है। छात्रा की इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही स्पेशल एजुकेटर मनीष श्रीवास्तव, रामदास सहित अन्य लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।

बीएसए रोशनी सिंह और समेकित शिक्षा के जिला समन्वयक राकेश पटेल ने एकता गौतम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *