रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। जन समस्याओं के प्रति संवेदनशील जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एक बार फिर मानवीय चेहरे के साथ नजर आए। गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचने पर उनकी नजर एक दिव्यांग व्यक्ति पर पड़ी, जो बिना ट्राई साइकिल के बड़ी मुश्किल से इधर-उधर जाने को मजबूर था। यह दृश्य देखते ही डीएम ने तुरंत संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर तलब कर लिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिव्यांग व्यक्ति को तत्काल ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई जाए, ताकि उसे आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। डीएम के सख्त निर्देश मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय हो गए।
इसके बाद अधिकारी दिव्यांग व्यक्ति को अपने साथ जिलाधिकारी कार्यालय ले गए और उसे ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से दिव्यांग व्यक्ति बेहद खुश नजर आया और वह जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की जमकर सराहना करता दिखाई दिया।
जिलाधिकारी की इस संवेदनशील पहल की कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद लोगों ने भी प्रशंसा की और कहा कि ऐसे अधिकारी ही आमजन के दर्द को समझते हैं।

