रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। जनपद का ललित हरि राजकीय स्नातकोत्तर आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय आयुर्वेदिक चिकित्सा के क्षेत्र में लोगों की पहली पसंद बनता जा रहा है। वर्ष 1899 में स्थापित यह संस्थान लंबे समय से जनपदवासियों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। आधुनिक सुविधाओं और अनुभवी चिकित्सकों की उपलब्धता के कारण आज यहां प्रतिदिन सैकड़ों मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। अस्पताल में बढ़ती मरीजों की संख्या इस बात का प्रमाण है कि लोगों का आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति पर विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
प्रतिदिन 300 से 500 मरीज पहुंच रहे उपचार के लिए
चिकित्सालय में रोजाना 300 से 500 मरीज विभिन्न बीमारियों के उपचार हेतु पहुंच रहे हैं। ओपीडी में विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों की समस्याओं का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श और आयुर्वेदिक उपचार उपलब्ध करा रहे हैं। अस्पताल का ओपीडी समय प्रातः 9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित है, जबकि पंजीकरण की सुविधा दोपहर 2:30 बजे तक उपलब्ध रहती है। बेहतर चिकित्सा सेवाओं के चलते जनपद के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से भी मरीज यहां पहुंच रहे हैं।
सरकारी दरों पर पैथोलॉजी जांच की सुविधा-डॉ शिप्रा अग्रवाल
अस्पताल के पैथोलॉजी विभाग में मरीजों को कम खर्च में गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विभागाध्यक्ष डॉ. शिप्रा अग्रवाल के अनुसार प्रतिदिन लगभग 100 से 150 मरीज विभिन्न प्रकार की जांच कराने के लिए विभाग में पहुंचते हैं। विभाग में सभी आवश्यक पैथोलॉजिकल जांचें निर्धारित मानकों के अनुरूप की जाती हैं, जिससे मरीजों को विश्वसनीय रिपोर्ट उपलब्ध हो रही हैं।
हर माह पांच हजार से अधिक मरीज उठा रहे लाभ
पैथोलॉजी विभाग में उपलब्ध सरकारी दरों की जांच सुविधाओं का लाभ हर माह पांच हजार से अधिक मरीज प्राप्त कर रहे हैं। एक ही परिसर में जांच और उपचार की सुविधा मिलने से मरीजों को निजी जांच केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। इससे समय और आर्थिक संसाधनों दोनों की बचत हो रही है, जो मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।
बेहतर सुविधाओं से बढ़ रहा मरीजों का भरोसा-डॉ सुदीप 
महाविद्यालय एवं चिकित्सालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुदीप सहाय बेदार ने बताया कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य मरीजों को सुलभ, किफायती और प्रभावी आयुर्वेदिक चिकित्सा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपचार और जांच की बेहतर सुविधाओं के कारण मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यह संस्थान के प्रति जनता के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है।
जनपद ही नहीं, आसपास के जिलों से भी पहुंच रहे मरीज
चिकित्सालय में उपचार, परामर्श और जांच की समुचित व्यवस्था होने के कारण अब केवल पीलीभीत ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं। चिकित्सा और जांच की सभी प्रमुख सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से मरीजों को सुविधा मिल रही है और आयुर्वेदिक चिकित्सा के प्रति लोगों का रुझान भी तेजी से बढ़ रहा है।
ओपीडी और जांच सुविधा एक नजर में
* प्रतिदिन 300 से 500 मरीजों की ओपीडी
* सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक ओपीडी
* दोपहर 2:30 बजे तक पंजीकरण सुविधा
* प्रतिदिन 100 से 150 पैथोलॉजी जांच
* हर माह 5000 से अधिक मरीज जांच सुविधा का लाभ ले रहे
* सरकारी दरों पर उपलब्ध हैं विभिन्न जांच सेवाएं
* एक ही परिसर में उपचार और जांच की सुविधा उपलब्ध।

