रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गांधी स्टेडियम स्थित गांधी प्रेक्षागृह में आयोजित भव्य कार्यक्रम में बरहा कंपोजिट विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समूचे सभागार को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और मंचीय कौशल ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
सरस्वती वंदना से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण सरस्वती वंदना से हुआ। शशि, सिमरन, निशा, सरिता, राधिका और शिवानी ने अपनी सुरमयी प्रस्तुति से उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। उनकी प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
‘ढोलना’ लोकनृत्य ने बिखेरे रंग
सरस्वती वंदना के बाद छात्राओं ने रंगारंग “ढोलना” लोकनृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का संचार कर दिया। कक्षा आठ की छात्राएं रौनक, राधिका, कुमकुम, शिवानी, भारती, मंजू और काजल के साथ कक्षा सात की श्वेता, शांति और सुष्मिता ने लोक संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की। उनकी भाव-भंगिमाओं, तालमेल और नृत्य कौशल ने सभी का दिल जीत लिया।
मंत्री और अधिकारियों ने की मुक्त कंठ से प्रशंसा
कार्यक्रम में उपस्थित राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. पंत सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बच्चों की प्रस्तुति की जमकर सराहना की। प्रस्तुति समाप्त होने के बाद सभागार देर तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। अतिथियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।
शिक्षकों के मार्गदर्शन का मिला प्रतिफल
इस अवसर पर विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका ममता गंगवार, शिक्षिका गीता कुमारी, निधि अग्रवाल एवं करुणा गौड़ भी उपस्थित रहीं। विद्यालय परिवार ने बच्चों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम बताया।

