पीलीभीत। उत्तर प्रदेशके पीलीभीत जनपद के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव रामपुरा नौगवां में शुक्रवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शराब के नशे में घर पहुंचे पिता ने किसी बात को लेकर हुई कहासुनी के दौरान अपनी 20 वर्षीय बेटी के सिर में गोली मार दी। गोली लगने से बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रामपुरा नौगवां निवासी अंशिका गंगवार (20) शुक्रवार शाम घर पर मौजूद थी। इसी दौरान उसके पिता अजय पाल गंगवार शराब के नशे में घर पहुंचे। किसी बात को लेकर पिता-पुत्री के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान अजय पाल ने अंशिका के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी अजय पाल मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही बीसलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में परिजनों की तहरीर प्राप्त होने पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

