रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। रक्षाबंधन से पहले शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और अपनत्व की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। जिले के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राएं अपनी हाथों से तैयार की गई राखियां लेकर जिला मुख्यालय पहुंचीं और जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह समेत अधिकारियों की कलाई पर राखी बांधी। बालिकाओं ने अधिकारियों को राखियां भेंट करते हुए नेपाल सीमा पर देश की सुरक्षा में तैनात सैनिक भाइयों तक भी अपनी बनाई राखियां पहुंचाने का अनुरोध किया।
कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्रा, अपर जिलाधिकारी रोशनी यादव और उप जिलाधिकारी न्यायिक पवन कुमार की कलाई पर राखियां बांधीं। बालिकाओं ने अधिकारियों के साथ भाई-बहन के स्नेह का रिश्ता साझा किया तो माहौल आत्मीयता से भर गया। अधिकारियों ने भी बालिकाओं को मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया और उपहार भेंट किए। उपहार पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
सैनिक भाइयों के लिए भेजना चाहती हैं राखियां
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि कस्तूरबा विद्यालय की छात्राएं अपने हाथों से तैयार की गई राखियां लेकर पहुंचीं। उन्होंने अपनी बनाई राखियां जिलाधिकारी को भेंट करते हुए अनुरोध किया कि इन्हें पीलीभीत से लगी नेपाल सीमा पर देश की सुरक्षा में तैनात सैनिक भाइयों तक पहुंचाया जाए। छात्राओं की इस भावना ने कार्यक्रम को और खास बना दिया।
बीएसए की पहल ने बनाया यादगार
रक्षाबंधन का पर्व हर वर्ष मनाया जाता है, लेकिन इस बार जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह की पहल पर कस्तूरबा विद्यालयों की छात्राओं के लिए आयोजित यह कार्यक्रम यादगार बन गया। जिले के विभिन्न कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों से छात्राओं को जिला मुख्यालय बुलाया गया था। छात्राएं अपने साथ हाथों से बनाई गई रंग-बिरंगी राखियां भी लेकर आई थीं।
परिषदीय स्कूलों में भी मनाया जाएगा पर्व
बीएसए रोशनी सिंह ने रक्षाबंधन के मद्देनजर जिले के परिषदीय विद्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश खंड शिक्षा अधिकारियों को जारी किए हैं। निर्देश दिए गए हैं कि रक्षाबंधन के अवकाश से पूर्व छात्राओं द्वारा बनाई गई राखियां छात्रों की कलाई पर बंधवाई जाएं। साथ ही विद्यालयों में रक्षाबंधन का कार्यक्रम भव्य एवं दिव्य तरीके से आयोजित करते हुए बच्चों को इस पर्व के महत्व और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के बारे में जानकारी दी जाए।
18 छात्राओं ने लिया हिस्सा
कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की कोमल, नेहा, यशिका, रुपाधि, संगीता, भाग्यश्री, रानी, मनोरमा, सौम्या, पलक, अंकिता, वर्षा, नीलम देवी, गीता समेत कुल 18 छात्राओं ने हिस्सा लिया। छात्राओं के उत्साह और अधिकारियों के स्नेह ने रक्षाबंधन से पहले आयोजित कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

