सम्मान मिला तो छलक पड़े सैयदा के आंसू…बीएसए ने गले लगाकर बढ़ाया हौसला

Share Also

रिंटू वर्मा 

पीलीभीत। मेहनत का फल जब अपनों के बीच सम्मान बनकर सामने आया तो प्रधानाध्यापक सैयदा की आंखें खुशी से छलक उठीं। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित होकर पीलीभीत लौटीं सैयदा का सोमवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने बेसिक शिक्षा भवन स्थित कार्यालय में भावपूर्ण स्वागत किया। बीएसए ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर, माला पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान के दौरान सैयदा भावुक हो गईं और उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। यह देख बीएसए रोशनी सिंह ने उन्हें गले लगाकर हौसला बढ़ाया।

सम्मान समारोह के दौरान बीएसए रोशनी सिंह ने सैयदा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य शिक्षक पुरस्कार मिलना उनके समर्पण, मेहनत और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने सैयदा का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि वह इसी तरह आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करती रहें और अपने कार्यों से जिले के दूसरे शिक्षकों को प्रेरित करें।

बीएसए के इन शब्दों ने सैयदा को भावुक कर दिया। कुछ क्षण के लिए उनकी आंखों से खुशी के आंसू निकल पड़े। बीएसए ने उन्हें गले लगाकर ढांढस बंधाया। कार्यालय में मौजूद स्टाफ भी इस भावुक पल का गवाह बना।

पांच सितंबर को गोरखपुर स्थित बाबा गंभीर नाथ प्रेक्षागृह में आयोजित प्रदेश स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानाध्यापक सैयदा को राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया था। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और नवाचार के लिए उनका चयन राज्य पुरस्कार के लिए किया गया।

प्रदेश स्तर पर सम्मानित होने के बाद सोमवार को पीलीभीत लौटने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में उनका स्वागत किया गया। इस उपलब्धि से शिक्षा विभाग में भी खुशी का माहौल रहा।

बीएसए रोशनी सिंह ने कहा कि सैयदा को मिला राज्य शिक्षक पुरस्कार पूरे पीलीभीत जिले के लिए गौरव की बात है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि ईमानदारी, मेहनत और शिक्षा के प्रति समर्पण से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

उन्होंने कहा कि जिले के अन्य शिक्षक भी सैयदा के कार्यों से प्रेरणा लेकर विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार को बढ़ावा दें। सम्मान समारोह के दौरान मौजूद विभागीय स्टाफ ने भी सैयदा को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *