पीलीभीत…सेवा संकल्प अभियान में दिखी नौनिहालों की प्रतिभा, गूंजा देशभक्ति का संदेश

Share Also

रिंटू वर्मा….

पीलीभीत। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत खंड विकास अधिकारी कार्यालय मरौरी में आयोजित कार्यक्रम में परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति, लोक संस्कृति और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश भी दिया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख सभ्यता वर्मा ने मां शारदे की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय टाह पौटा की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। खंड शिक्षा अधिकारी मरौरी सुनील कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि को बुके भेंट कर स्वागत किया, जबकि प्राथमिक विद्यालय टाह पौटा की शिक्षिका अंजना शुक्ला ने बैज लगाकर उनका अभिनंदन किया। अन्य अतिथियों का भी स्वागत किया गया।

देशभक्ति और लोकगीतों से बांधा समां

प्राथमिक विद्यालय रामनगर खरौसा की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय बंजरिया की छात्राओं ने ‘खम्मा रे खम्मा रे’ लोकगीत पर शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। प्राथमिक विद्यालय सैदपुर की छात्राओं ने ‘वंदे मातरम’ गीत पर प्रस्तुति देकर वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

वहीं, प्राथमिक विद्यालय टाह पौटा की छात्राओं ने ‘यानी सी उम्र में ना ब्याहियो रे’ गीत पर शानदार प्रस्तुति देकर बाल विवाह के प्रति जागरूकता के साथ बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया।

योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने पर जोर

मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख सभ्यता वर्मा ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों को साधुवाद दिया। उन्होंने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सार्थक प्रयास करने पर जोर दिया।

उन्होंने विकास क्षेत्र मरौरी के विभिन्न विद्यालयों के भौतिक एवं शैक्षणिक परिवेश की सराहना करते हुए बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के साथ ही उनके आत्मविश्वास और रचनात्मकता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक सम्मानित

खंड शिक्षा अधिकारी मरौरी सुनील कुमार सिंह ने बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने अभिभावकों को अपने बच्चों का परिषदीय विद्यालयों में प्रवेश कराने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में राज्य सरकार शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित प्राथमिक विद्यालय पिपरिया अगरु की प्रधानाध्यापिका सैय्यदा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। प्राथमिक विद्यालय सैदपुर की प्रधानाध्यापिका प्रीति सिंह और प्राथमिक विद्यालय टाह पौटा के प्रधानाध्यापक विभव सक्सेना को भी अपने-अपने विद्यालय में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर बढ़ाया उत्साह

समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले सभी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख सभ्यता वर्मा को स्मृति चिह्न भेंट किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष लाल करन, प्राथमिक शिक्षक संघ मरौरी इकाई के अध्यक्ष बाबूराम गंगवार, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ मरौरी इकाई के अध्यक्ष खूब करन, एआरपी अमित कुमार वर्मा, कपिल गुप्ता और राहुल सिंह सहित अन्य शिक्षक व अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन में देवेंद्र कन्हैया, अभिषेक सक्सेना और कपिल सिंह आदि ने विशेष सहयोग किया। कार्यक्रम का संचालन प्राथमिक विद्यालय टाह पौटा के प्रधानाध्यापक विभव सक्सेना ने किया।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *