रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। ललौरीखेड़ा ब्लॉक के कम्पोजिट विद्यालय सरौरा में वार्षिकोत्सव एवं परीक्षाफल वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख ललौरीखेड़ा अजय सिंह गंगवार एवं विशिष्ट अतिथि भदपुरा ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि रवि गंगवार ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि अजय सिंह गंगवार ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों में प्रदेश को विकास की दिशा में आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले बेसिक शिक्षा की स्थिति अलग थी, लेकिन अब सरकारी विद्यालयों में व्यापक सुधार हुआ है और उन्हें आकर्षक बनाया गया है। साथ ही सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को अंकपत्र के साथ उपहार देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष संतोष कुमार, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला सह संगठन मंत्री आलोक जायसवाल एवं मंत्री सत्यदेव को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम प्रधान महमूदापुर दुष्यंत गंगवार, शिक्षक दीपक जायसवाल, विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं अभिभावकों का विशेष सहयोग रहा।

