रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। जनपद के थाना गजरौला क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय ग्राम दियूनी बहादुरगंज में तैनात प्रधानाचार्य को छात्रा से अश्लील हरकत और छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों में आक्रोश व्याप्त है।
पुलिस के अनुसार प्राथमिक विद्यालय ग्राम दियूनी बहादुरगंज थाना गजरौला के प्रधानाचार्य मोहनस्वरूप पुत्र मुन्नालाल निवासी ग्राम फूटा कुआं थाना बरखेड़ा, हाल निवासी मोहल्ला रामवाटिका कॉलोनी थाना सुनगढ़ी, पीलीभीत, उम्र करीब 46 वर्ष पर छात्रा के साथ अश्लील हरकत एवं छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया है। मामले में परिजनों की ओर से थाना गजरौला में तहरीर दी गई थी।
तहरीर में पूर्व की घटनाओं का भी उल्लेख
पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपी शिक्षक द्वारा पूर्व में भी अन्य छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ की घटनाएं की गई थीं। मामला प्रकाश में आने के बाद अन्य छात्राओं के परिजन भी थाना गजरौला पहुंचे और नाराजगी जताई।
मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने की कार्रवाई
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया। इसके बाद आरोपी प्रधानाचार्य मोहनस्वरूप को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे जेल भेज दिया गया।
शिक्षा विभाग में भी मचा हड़कंप
विद्यालय में इस प्रकार की घटना सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में भी हड़कंप की स्थिति है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और यदि अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उन्हें भी विवेचना में शामिल किया जाएगा।

