रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। बरखेड़ा ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) पर गुरुवार को समग्र शिक्षा अभियान के तहत दिव्यांग छात्र-छात्राओं को निशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए उपकरण मापन कैंप आयोजित किया गया। कैंप में विशेषज्ञों की टीम ने 173 दिव्यांग विद्यार्थियों की दिव्यांगता का मापन कर उनकी आवश्यकता के अनुसार उपकरणों के लिए चिन्हित किया।
कानपुर की एलिम्को कंपनी के दिव्यांगता विशेषज्ञ डॉ. तुषार वर्मा समेत चार डॉक्टरों की टीम ने विद्यार्थियों की दिव्यांगता का परीक्षण किया। जांच के आधार पर यह निर्धारित किया गया कि किस विद्यार्थी को किस प्रकार के सहायक उपकरण की आवश्यकता है। समग्र शिक्षा अभियान का उद्देश्य दिव्यांग विद्यार्थियों की शैक्षिक व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अक्षमता को बाधक बनने से रोकना है। चिन्हित विद्यार्थियों को उनकी जरूरत के अनुसार उपकरण निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
इन उपकरणों के लिए हुआ चिन्हांकन
मापन कैंप में 45 विद्यार्थियों को व्हीलचेयर, 10 को ट्राई साइकिल, 86 को टीएलएम किट, 11 को कैलीपर, 11 को ब्रेल किट, 21 को हियरिंग एड, एक को सीपी चेयर, 15 को रोलेटर और 17 विद्यार्थियों को सुगम्य केन दिए जाने के लिए चिन्हित किया गया।
जिला समन्वयक समेकित शिक्षा राकेश पटेल ने बताया कि चिन्हित दिव्यांग छात्र-छात्राओं को सात दिसंबर को सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि उपकरण मिलने से विद्यार्थियों को शिक्षा ग्रहण करने के साथ ही दैनिक गतिविधियों में भी सुविधा मिलेगी।
कैंप के दौरान स्पेशल एजुकेटर आलोक कुमार, मुकेश चंद्र, सीताराम, सुनील त्रिपाठी, मनीष श्रीवास्तव, रामदास, नूतन कुमार, पंकज कुमार, अनिल कुमार समेत एलिम्को कंपनी के विशेषज्ञ मौजूद रहे।

