रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। जिले में भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने जनसुरक्षा के मद्देनजर कई एहतियाती कदम उठाए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 25 सितंबर को ऑरेंज अलर्ट और 26 सितंबर को रेड अलर्ट जारी किया है। संभावित जलभराव और खराब मौसम को देखते हुए 26 सितंबर को कक्षा छह से 12 तक संचालित सभी माध्यमिक विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। वहीं, बेसिक शिक्षा विभाग ने भी कक्षा एक से आठ तक के परिषदीय विद्यालयों में अवकाश के आदेश जारी किए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक विजय सिंह यादव की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग की अत्यधिक बारिश की चेतावनी के दृष्टिगत विद्यालयों में संभावित जलभराव को देखते हुए 26 सितंबर को कक्षा छह से 12 तक संचालित सभी बोर्डों के राजकीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय बंद रहेंगे। डीआईओएस ने सभी विद्यालयों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं वही दूसरी तरफ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने भी कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों मे बच्चों की छुट्टी का आदेश जारी कर दिया है।
प्रशासन ने जारी की सुरक्षा एडवाइजरी
भारी बारिश के मद्देनजर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं राजस्व विभाग ने भी आमजन के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें लोगों से अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है। नागरिकों को नदी, नाले, तालाब, पुलिया और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
जर्जर और कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित एवं मजबूत स्थान पर आश्रय लेने को कहा गया है। आंधी-तूफान या बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लेने तथा खुले बिजली तारों, ट्रांसफार्मर और क्षतिग्रस्त विद्युत खंभों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
बच्चों को जलभराव वाले क्षेत्रों में न जाने दें
प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों को नदी-नालों और जलभराव वाले स्थानों के आसपास जाने से रोकने की अपील की है। वाहन चालकों को जलभराव और फिसलन वाले रास्तों पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। लोगों से मोबाइल, टॉर्च, आवश्यक दवाइयां और जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रखने तथा मौसम एवं प्रशासन की सूचनाओं पर नजर बनाए रखने को कहा गया है।
किसानों और पशुपालकों को भी सलाह
मौसम की चेतावनी को देखते हुए किसानों से पकी फसल की कटाई कर उसे सुरक्षित स्थान पर भंडारित करने को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है। खेतों में जल निकासी की व्यवस्था करने तथा पशुओं को सुरक्षित और ऊंचे स्थान पर बांधने को कहा गया है। पशुओं को खुले में नहीं छोड़ने की भी अपील की गई है।
आपात स्थिति में यहां करें संपर्क
जिला प्रशासन ने आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने की अपील की है। इसके लिए 05882-254116 तथा टोल फ्री नंबर 1077 जारी किया गया है। प्रशासन ने नागरिकों से मौसम की गंभीरता को देखते हुए पूरी सतर्कता बरतने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

