नन्हीं आंखों में बड़े सपने…डीएम ज्ञानेंद्र सिंह से मिल छात्राएं हुईं प्रेरित, बरहा स्कूल की छात्राओं ने देखा कलेक्ट्रेट, डीएम से सीखा सफलता का रास्ता

Share Also

रिंटू वर्मा…

पीलीभीत।ललौरी खेड़ा ब्लॉक के कंपोजिट स्कूल बरहा की छात्राओं को शैक्षिक भ्रमण के तहत कलेक्ट्रेट ले जाया गया, जहां उन्होंने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को करीब से समझा। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर शिक्षक संतोष खरे ने छात्राओं को बताया कि यह कार्यालय कलेक्टर का होता है, जिससे छात्राओं में उत्साह और बढ़ गया।

इस दौरान छात्राओं की खुशी उस समय और बढ़ गई जब उनकी मुलाकात जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह से हुई। जिलाधिकारी ने बेहद सहजता और आत्मीयता का परिचय देते हुए छात्राओं को अपने कार्यालय में बैठाया और उनसे बातचीत की।

छात्राओं ने पूछे प्रेरक सवाल

छात्रा संजना ने जिलाधिकारी से पूछा कि “हम कलेक्टर बनना चाहते हैं, इसके लिए क्या करना होगा?” वहीं छात्रा सोनाली ने उनकी पढ़ाई और कोर्स के बारे में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने सभी सवालों का सरल और प्रेरणादायक तरीके से जवाब देते हुए छात्राओं की जिज्ञासाओं को शांत किया।

डीएम ने बढ़ाया हौसला

जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने छात्राओं को चॉकलेट और मिठाई देकर उनका उत्साह बढ़ाया। इस मुलाकात से छात्राएं बेहद खुश नजर आईं और स्कूल लौटकर उन्होंने अपने अनुभव साथियों और शिक्षकों के साथ साझा किए।

स्कूल के लिए भूमि की मांग

भ्रमण के दौरान शिक्षक संतोष खरे ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि स्कूल में छात्र-छात्राओं की संख्या अधिक है, ऐसे में परिसर के पीछे खाली पड़ी भूमि को स्कूल के नाम कर दिया जाए। इस पर जिलाधिकारी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *