पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में जल्द शुरू होगी लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन सुविधा, पुलिस चौकी खोलने की तैयारी हुई तेज 

Share Also

रिंटू वर्मा…

पीलीभीत। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में तेजी से काम शुरू हो गया है। मेडिकल कॉलेज पहुंचीं प्राचार्य डॉ. संगीता अनजाने ने इमरजेंसी वार्ड और एसएनसीयू का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों और तीमारदारों को मिलने वाली सुविधाओं की स्थिति परखी और आवश्यक निर्देश जारी किए।

लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन सुविधा जल्द होगी शुरू

निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज परिसर में स्थापित लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट को लेकर भी चर्चा की गई। प्राचार्य ने अधिकारियों को ऑक्सीजन प्लांट के लाइसेंस की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए। बताया गया कि लाइसेंस प्रक्रिया पूरी होते ही मेडिकल कॉलेज में लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन की सुविधा शुरू कर दी जाएगी, जिससे गंभीर मरीजों के उपचार में काफी राहत मिलेगी।

      ( इस स्थान पर खुलेगी पुलिस चौकी )

मेडिकल कॉलेज परिसर में खुलेगी पुलिस चौकी

मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेडिकल कॉलेज परिसर में पुलिस चौकी स्थापित करने की तैयारी भी तेज कर दी गई है। इमरजेंसी के समीप स्थित डॉक्टर आवास के पास पुलिस चौकी के लिए स्थान चिन्हित कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार जल्द ही यहां पुलिस चौकी शुरू कर दी जाएगी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।


दूरदराज से आने वाले मरीजों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था

प्राचार्य ने निरीक्षण के दौरान मरीजों और तीमारदारों के लिए पेयजल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने दूरदराज से आने वाले मरीजों को गर्मी में राहत देने के लिए ठंडे पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जहां वाटर कूलर उपलब्ध नहीं थे, वहां नए वाटर कूलर लगाने के आदेश भी जारी किए गए।


आधार कार्ड न होने पर भी बनेगा मरीज का पर्चा

निरीक्षण के दौरान एक बुजुर्ग महिला ने प्राचार्य से शिकायत करते हुए बताया कि आधार कार्ड साथ न होने के कारण उसका पर्चा नहीं बनाया गया। इस पर प्राचार्य ने तत्काल मौजूद गार्ड और कर्मचारियों को महिला का पर्चा बनाने के निर्देश दिए।

साथ ही अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि यदि कोई मरीज आधार कार्ड साथ नहीं ला पाता है तो उसका पर्चा ऑफलाइन माध्यम से बनाया जाए और मरीज को किसी प्रकार की परेशानी न होने दी जाए। उन्होंने दोबारा ऐसी लापरवाही न करने की सख्त हिदायत भी दी।


मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर

प्राचार्य डॉ. संगीता अनजाने ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन, सुरक्षा व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि मरीजों और तीमारदारों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *