पीलीभीत में मौसम का रेड अलर्ट:  आंधी, ओलावृष्टि और भारी बारिश की चेतावनी,28-30 मई तक खराब मौसम का असर, प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

Share Also

 

पीलीभीत। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ द्वारा जनपद पीलीभीत के लिए रेड वार्निंग जारी करते हुए आगामी दो दिनों में तेज आंधी-तूफान, ओलावृष्टि एवं भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 28 मई से 30 मई के बीच मौसम अत्यंत खराब रहने की आशंका है, जिसके चलते जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार 28-29 मई को 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। वहीं 29-30 मई को मौसम और अधिक विकराल हो सकता है। इस दौरान 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चलने तथा झोंकों की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही ओलावृष्टि और भारी बारिश की भी प्रबल संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं और ओलावृष्टि से कच्चे मकान, झोपड़ियां, कमजोर दीवारें तथा पेड़-पौधों को नुकसान पहुंच सकता है। बिजली के खंभे गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो सकती है। गन्ना, मक्का, मूंग, सब्जियों एवं आम की फसलों को भी भारी नुकसान होने की आशंका है। खराब मौसम के कारण दृश्यता कम होने और यातायात प्रभावित होने की संभावना भी जताई गई है।
प्रशासन एवं मौसम विभाग ने लोगों से घरों के अंदर रहने, खिड़की-दरवाजे बंद रखने तथा पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। साथ ही अनावश्यक यात्रा से बचने और वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। किसानों को खेतों में जल निकासी की व्यवस्था करने तथा पकी फसल और सब्जियों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि 29 मई से तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलेगी। विभाग ने लोगों से दामिनी ऐप और मौसम ऐप पर नजर बनाए रखने तथा अफवाहों से बचने की अपील की है।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *