रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता सुधार, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आगामी अभियानों की तैयारियों को लेकर बिलसंडा बीआरसी सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी शिवशंकर मौर्य ने की।
संचारी रोग एवं पल्स पोलियो अभियान पर दिया जोर
बैठक में शासन के निर्देशानुसार विकासखंड बिलसंडा के समस्त नोडल शिक्षकों को संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा पल्स पोलियो अभियान के प्रति संवेदनशील बनाया गया। खंड शिक्षा अधिकारी शिवशंकर मौर्य ने बताया कि संचारी रोग जागरूकता अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा, जबकि आगामी रविवार को पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा।उन्होंने शिक्षकों से विद्यालयों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा घर-घर संपर्क कर अभिभावकों को जागरूक करने का आह्वान किया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीमों को पूर्ण सहयोग देने के निर्देश भी दिए।
स्वास्थ्य विभाग ने दी विस्तृत जानकारी
बैठक में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अफलाक अहमद खान ने संचारी रोगों की रोकथाम, स्वच्छता और पल्स पोलियो अभियान के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अभियान की सफलता के लिए शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय पर बल दिया।
विभागीय कार्यों की हुई समीक्षा
खंड शिक्षा अधिकारी ने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए जुलाई माह में विद्यालयों में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों पर चर्चा की। इस दौरान स्कूल चलो अभियान, निःशुल्क पुस्तक वितरण, दवा वितरण, लाइब्रेरी पुस्तकों का वितरण, कैशलेस चिकित्सा योजना के आवेदन, जर्जर भवनों की नीलामी, नवीन नामांकन, निपुण अभियान, अपार आईडी निर्माण तथा रसोइया प्रशिक्षण की प्रगति की समीक्षा की गई।
नोडल शिक्षकों को दिए आवश्यक निर्देश
शिवशंकर मौर्य ने सभी नोडल शिक्षकों को विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
प्रधानाध्यापक रहे उपस्थित
बैठक में विकासखंड के सभी परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने शिक्षकों से शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी अभियानों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

