पीलीभीत। कोतवाली क्षेत्र में घरेलू विवाद के बीच एक युवक पर एसिड फेंके जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पीड़ित ने अपनी पत्नी पर एसिड फेंकने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के खैरुल शाह निवासी हेमंत ने बताया कि उसकी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा है और दोनों के बीच तलाक की प्रक्रिया भी न्यायालय में चल रही है। आरोप है कि रविवार रात करीब आठ बजे जब वह अपने घर पहुंचा, तभी उसकी पत्नी ने उस पर एसिड फेंक दिया। घटना में वह गंभीर रूप से झुलस गया।

परिजनों की मदद से हेमंत को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू कर दिया। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. रमाकांत सागर ने बताया कि हेमंत करीब 25 प्रतिशत तक झुलसा है। फिलहाल उसकी हालत सामान्य बनी हुई है और उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।

