पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत पुलिस और बदमाशों के बीच शनिवार देर रात शीतलपुर मरोरी जंगल के पास हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश शिवम उर्फ सरबजीत घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। मुठभेड़ में एक उपनिरीक्षक और एक मुख्य आरक्षी भी गोली लगने से घायल हुए हैं।पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 की रात करीब 10 बजे पुलिस टीम शीतलपुर मरोरी जंगल के पास मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रुकने का संकेत दिया गया। आरोप है कि दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें सर्च अभियान चला रही हैं।
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोलीबारी में एक उपनिरीक्षक और एक मुख्य आरक्षी भी घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घायल पुलिसकर्मियों को भी बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है।
मृतक की पहचान शिवम उर्फ सरबजीत के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ हत्या, गैंगस्टर एक्ट समेत लगभग एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। थाना बिलसंडा क्षेत्र में 28 मई 2026 को हुए पप्पू गुप्ता हत्याकांड में भी उसकी प्रमुख भूमिका बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि शिवम उर्फ सरबजीत पर ₹1 लाख का इनाम घोषित था। उसके कब्जे से एक .32 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक .315 बोर सीएमपी और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं।

