रिंटू वर्मा…
पीलीभीत।मरौरी ब्लॉक के जूनियर हाई स्कूल टाह पोटा में मंगलवार को वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का आयोजन दिव्य और भव्य तरीके से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद के प्रतिनिधि के रूप में हरेंद्र कुमार द्वारा की गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई, जिसमें स्कूली बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों के नृत्य, गीत और अन्य प्रस्तुतियों को देखकर अभिभावकों ने खुलकर सराहना की और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले नौ छात्र-छात्राओं को ग्राम प्रधान राम बेटी, विधायक प्रतिनिधि और प्रधानाध्यापक अजय कुमार द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
शत-प्रतिशत उपस्थिति वाले बच्चों को भी मिला सम्मान
शैक्षिक सत्र 2025-26 में शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले 18 छात्र-छात्राओं को भी इस अवसर पर सम्मानित किया गया, जिससे अन्य बच्चों को भी नियमित विद्यालय आने की प्रेरणा मिली।
पुरातन छात्रों को भी किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में विद्यालय के पुराने छात्रों को भी आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। इससे स्कूल और छात्रों के बीच जुड़ाव और मजबूत होता नजर आया।
उत्कृष्ट प्रस्तुतियों पर बांटे गए पुरस्कार
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले बच्चों को स्कूल प्रबंधन की ओर से पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
अधिकारियों व अभिभावकों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर एआरपी सोमेश वर्मा, राकेश कुमार, सोनू वर्मा, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष दयाराम, उपाध्यक्ष सोमवती, अरुण शर्मा, सत्येंद्र कुमार, गौरव गुप्ता, रविंद्र कुमार, आशारानी, मीनाक्षी, वंदना देवी, प्रगति जैसवार, विनीता देवी, मनीष सहित सभी शिक्षक, स्टाफ, रसोइया और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।

