रिंटू वर्मा…
पीलीभीत।गांधी स्टेडियम स्थित प्रेक्षा गृह में मंगलवार को शिक्षामित्र सम्मान समारोह का भव्य और दिव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गोरखपुर के बाबा गंभीर दास सभागार से दिए गए संबोधन का सजीव प्रसारण एलईडी के माध्यम से उपस्थित शिक्षामित्रों को दिखाया गया।
दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
समारोह की शुरुआत जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर, बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई।
छात्र-छात्राओं ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां
कार्यक्रम में परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रस्तुतियों की अतिथियों और उपस्थित जनों ने जमकर सराहना की।
शिक्षामित्रों को मिला सम्मान और बढ़ा मानदेय
समारोह के दौरान शिक्षामित्रों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया तथा 18 हजार रुपये के बढ़े हुए मानदेय का डेमो चेक सौंपा गया। खास बात यह रही कि बीएसए रोशनी सिंह के प्रयासों से उसी समय समग्र शिक्षा अभियान के तहत उनके खातों में ऑनलाइन धनराशि भी ट्रांसफर कर दी गई।
जिले के कुल 1457 शिक्षामित्रों को अप्रैल माह का बढ़ा हुआ मानदेय भुगतान कर दिया गया, जिससे शिक्षामित्रों में खुशी की लहर दौड़ गई।
जिलाधिकारी ने नामांकन बढ़ाने पर दिया जोर
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षकों और शिक्षामित्रों के प्रयासों से ग्रामीण विद्यालयों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने सभी शिक्षामित्रों से स्कूलों में नामांकन बढ़ाने और स्कूल न जाने वाले बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि विद्यालयों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और जहां कमी होगी, उसे शीघ्र पूरा किया जाएगा।
मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
अन्य वक्ताओं ने भी रखे विचार
समारोह को जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर, विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, विधायक बाबूराम पासवान और ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार ने भी संबोधित किया और शिक्षामित्रों के योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रहे उपस्थित
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार सिंह, शिव शंकर मौर्य, विजय वीरेंद्र सिंह, जिला समन्वयक राकेश पटेल, जितेंद्र चौधरी, सचिन कुमार चौधरी, जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार सहित शिक्षामित्र संघ के पदाधिकारी महेंद्र पाल वर्मा, राम सिंह राठौर, दिल नवाज खान, हरिओम पांडे और जिले भर के शिक्षामित्र बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

