पीलीभीत के गाँधी स्टेडियम में बेसिक शिक्षा विभाग की मनमोहक रंगोली ने लूटी महफ़िल…मंत्री बलदेव सिंह औलख नेबनी रंगोली देख खुलकर सराहना की

Share Also

(रिंटू वर्मा)

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर गांधी स्टेडियम स्थित गांधी सभागार में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा तैयार की गई आकर्षक और मनमोहक रंगोली ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। रंग-बिरंगे रंगों और फूलों से सजी इस कलात्मक रंगोली को देखकर मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के मंत्री बलदेव सिंह औलख सहित उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों ने बेसिक शिक्षा विभाग की सराहना की।

मंत्री ने फीता काटकर किया कार्यक्रम का शुभारंभ

तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ मंत्री बलदेव सिंह औलख ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के पश्चात मंत्री ने गांधी स्टेडियम परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जब मंत्री बेसिक शिक्षा विभाग के स्टॉल पर पहुंचे तो वहां शिक्षकों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोली ने उन्हें विशेष रूप से प्रभावित किया।

रंगों और फूलों से सजी रंगोली बनी आकर्षण का केंद्र

बेसिक शिक्षा विभाग की शिक्षिकाओं ने रंग-बिरंगे कलर और फूलों की सहायता से अत्यंत सुंदर एवं मनोहारी रंगोली का निर्माण किया था। रंगोली की बारीक कारीगरी, विषयवस्तु और प्रस्तुति को देखकर मंत्री बलदेव सिंह औलख ने खुले शब्दों में प्रशंसा की और इसे शिक्षकों की रचनात्मक क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मोहा मन

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया गया, जिसमें बेसिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने मंत्री, अधिकारियों तथा मौजूद दर्शकों का मन मोह लिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

बीएसए के निर्देश पर लगाई गई  शिक्षकों की ड्यूटी

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह द्वारा तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस समारोह को सफल बनाने के लिए शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी। रंगोली निर्माण में सय्यदा (प्रधानाध्यापक, प्राथमिक विद्यालय पिपरिया आगरू मरौरी), शवाना बी (उच्च प्राथमिक विद्यालय जहानाबाद ललौरीखेड़ा), डाली सिंह (सहायक अध्यापक, कम्पोजिट विद्यालय चांदडांडी), नीरजा शुक्ला (सहायक अध्यापक, कम्पोजिट विद्यालय देवीपुरा), अंजली गंगवार (सहायक अध्यापक, गौहनिया), अवंती गंगवार (सहायक अध्यापक, रूपपुर कमालू), अजय कुमार (सहायक अध्यापक, टाह पौटा) एवं भावना (प्रधानाध्यापक, जंगरोली पुल) की विशेष भूमिका रही।

स्टॉल सज्जा में भी दिखी बेसिक शिक्षा विभाग की रचनात्मकता

गांधी स्टेडियम में लगाए गए बेसिक शिक्षा विभाग के स्टॉल को फूलों और गमलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जो आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला समन्वयक शिक्षा राकेश पटेल तथा जिला व्यायाम शिक्षक राजीव मिश्रा का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *