(रिंटू वर्मा)
पीलीभीत। कुष्ठ रोग के उन्मूलन तथा इससे जुड़े सामाजिक कलंक को समाप्त करने के उद्देश्य से जिला अस्पताल, पीलीभीत में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने कुष्ठ रोग की शीघ्र पहचान, समय पर पूर्ण उपचार, व्यापक जन-जागरूकता प्रसार तथा रोगियों के प्रति भेदभाव रहित व्यवहार को बढ़ावा देने की शपथ ली।
कार्यक्रम का समन्वय डॉ. रमाकांत सागर द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोग पूर्णतः उपचार योग्य है तथा इसके समूल उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य तंत्र के प्रत्येक स्तर पर सक्रिय सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम में डॉ. मानसी सिंह, डॉ. हेमलता, डॉ. नीता सक्सेना, डॉ. सहदेव, डॉ. जगराज सहित अस्पताल प्रबंधक राजेश की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने एक स्वर में कुष्ठ रोग को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने तथा रोगियों के प्रति संवेदनशील और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन कुष्ठ रोग उन्मूलन हेतु निरंतर प्रयास, सामुदायिक सहभागिता तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को सशक्त समर्थन देने के संदेश के साथ किया गया।

