(रिंटू वर्मा)
पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत मे समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत गांधी प्रेक्षा गृह में शिक्षा अधिकार अधिनियम पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने किया। कार्यक्रम में जनपद भर के मान्यता प्राप्त एवं सीबीएसई बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं प्रबंधकों ने सहभागिता की।
पूर्व सरकारों पर साधा निशाना, शिक्षा को बताया नई दिशा में
कार्यशाला को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा कि पिछली सरकारों में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चौपट थी। वर्तमान केंद्र एवं राज्य सरकार ने शिक्षा को नई दिशा दी है। सरकार की योजनाएं बिना किसी भेदभाव के जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर उठकर समाज के अंतिम पायदान तक पहुंच रही हैं।
निशुल्क शिक्षा सरकार का संकल्प-जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षा अधिकार अधिनियम के तहत सभी बच्चों को निशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना सरकार का संकल्प है। गरीब एवं वंचित परिवारों के बच्चों को कॉन्वेंट स्कूलों में प्रवेश दिलाकर उन्हें बेहतर शिक्षा से जोड़ा जा रहा है। अलाभित परिवारों के नौनिहालों के लिए सरकार विशेष सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
प्रचार वाहनों को दिखाई गई हरी झंडी,आरटीई योजनाओं की जानकारी पहुंचेगी गांव-गांव
कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने शिक्षा अधिकार अधिनियम की योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु प्रचार वाहनों को झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन जनपद भर में जाकर आरटीई के अंतर्गत संचालित योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएंगे।
90 ईसीसीई एजुकेटर को मिले नियुक्ति पत्र,चयनित अभ्यर्थियों के चेहरे पर दिखी खुशी
इस अवसर पर परिषदीय विद्यालयों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों हेतु चयनित 90 ईसीसीई एजुकेटर अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। नियुक्ति पत्र मिलते ही चयनित अभ्यर्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलकती नजर आई।
बीएसए रोशनी सिंह ने दिए दिशा-निर्देश
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने कहा कि शिक्षा की रोशनी समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचे, इसके लिए विभाग लगातार प्रयासरत है। उन्होंने प्रधानाचार्यों एवं प्रबंधकों से योजनाओं का लाभ पात्र बच्चों तक पहुंचाने के निर्देश देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यशाला में ये रहे मौजूद
कार्यशाला में ललौरीखेड़ा ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार, मरौरी ब्लॉक प्रमुख सभ्यता देवी वर्मा, जिला समन्वयक राकेश पटेल, मनीष श्रीवास्तव, सचिन कुमार चौधरी, जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार, के.के. सागर, अजय कुमार, नीरजा शुक्ला, सईदा, डॉली सिंह, यशिका शर्मा, अंजलि गंगवार, स्पेशल एजुकेटर रामदास, संजीव मिश्रा, पंकज गंगवार, पवन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षा विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

